चेन्नई, 27 फ़रवरी।
आईसीसी टी20 विश्व कप सुपर 8 चरण के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने गुरुवार को जिम्बाब्बे को 72 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 256 रन बनाए, जबकि जिम्बाब्बे की टीम निर्धारित ओवरों में 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी। मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताया और कहा कि खिलाड़ियों ने लीग चरण और पिछले मुकाबले की बातों को पीछे छोड़कर नए सिरे से शुरुआत की। उन्होंने बताया कि टीम के वीडियो विश्लेषक ने साल भर के प्रदर्शन की स्लाइड तैयार की, जिससे बल्लेबाज़ों और गेंदबाज़ों को सकारात्मक मार्गदर्शन मिला। कप्तान ने कहा कि शीर्ष क्रम से लेकर नंबर सात तक सभी बल्लेबाज़ों का योगदान दिल को सुकून देने वाला रहा। उन्होंने हालांकि स्वीकार किया कि गेंदबाज़ी में सुधार की गुंजाइश है और कहा, “ईमानदारी से कहूं तो हम गेंदबाज़ी में थोड़ा और क्लिनिकल हो सकते थे। लेकिन दिन के अंत में जीत, जीत होती है। हम अपनी कमियों पर काम करेंगे और वेस्टइंडीज के खिलाफ रणनीति और मजबूत करेंगे।” सूर्यकुमार यादव ने जिम्बाब्बे के बल्लेबाज़ों की भी सराहना की और कहा कि उन्होंने पावरप्ले में समय लेकर समझदारी से खेला और उनका पूरा श्रेय जाता है। उन्होंने आगे संकेत दिया कि आगामी मुकाबले में टीम को साहसिक फैसले लेने होंगे और कोलकाता पहुंचने के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ रणनीति तय की जाएगी। भारतीय टीम का लक्ष्य सेमीफाइनल में जगह बरकरार रखना है और अब सभी की निगाहें 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले अगले महत्वपूर्ण मुकाबले पर टिकी हैं।



