काठमांडू, 05 मार्च 2026।
नेपाल में मतदान प्रक्रिया शुरू होने के पहले ही घंटे में कई प्रमुख नेताओं और उम्मीदवारों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। साथ ही सभी नेताओं ने नागरिकों से मतदान के अधिकार का उपयोग करने की अपील भी की है।
उज्यालो नेपाल पार्टी के अध्यक्ष कुलमान घिसिङ ने काठमांडू निर्वाचन क्षेत्र–3 के जनकल्याण माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केन्द्र पर अपना वोट डाला। वहीं राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के नेता और काठमांडू निर्वाचन क्षेत्र–5 के उम्मीदवार कमल थापा ने काठमांडू महानगरपालिका वार्ड नंबर 4 के विशाल मिलन केन्द्र मतदान केन्द्र में मतदान किया।
नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के समन्वयक और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल ने चितवन जिले के भरतपुर महानगरपालिका–14 स्थित नेपाल पुलिस स्कूल शान्तिपुर मतदान केन्द्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी तरह नेपाली कांग्रेस के उपाध्यक्ष विश्व प्रकाश शर्मा ने झापा निर्वाचन क्षेत्र–1 के मेचीनगर–9 स्थित कविशिरोमणि माध्यमिक विद्यालय मतदान केन्द्र में मतदान किया।
गतिशील लोकतांत्रिक पार्टी के नेता और पूर्व वित्त मंत्री जनार्दन शर्मा ने मुसिकोट नगरपालिका–5 के यमुना नंदा मॉडल माध्यमिक विद्यालय में अपना वोट डाला। वहीं नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के महासचिव शंकर पोखरेल ने तुल्सीपुर उपमहानगरपालिका–18 के जनता संस्कृत माध्यमिक विद्यालय मतदान केन्द्र पर मतदान किया।
राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने सुबह काठमांडू के चुचेपाटी स्थित उपत्यका खानेपानी लिमिटेड परिसर में बने महांकाल मतदान केन्द्र पर वोट डाला। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता बालेन्द्र शाह ने सिनामंगल स्थित अन्नपूर्णा इंग्लिश स्कूल में मतदान किया। कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने भी अनामनगर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इन नेताओं ने मतदान के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों की जनता और देशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने और लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करने की अपील की।



