वाशिंगटन, 13 मार्च 2026।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ 28 फरवरी से छिड़े युद्ध के बीच आज अपने सोशल ट्रुथ में कड़ी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को ईरान सरकार का क्या हश्र होता है, वह सब देखेंगे। ट्रंप ने शुक्रवार सुबह ईरान के नेताओं के लिए और भी तीखे शब्दों का प्रयोग किया और 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' को भी निशाने पर लिया।
ट्रंप ने अपने सोशल ट्रुथ पर लिखा कि वे ईरान के आतंकवादी शासन को सैन्य, आर्थिक और अन्य सभी तरीकों से पूरी तरह से तबाह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है और वायुसेना का कोई अस्तित्व नहीं है। मिसाइलें, ड्रोन और अन्य सभी हथियार नष्ट किए जा रहे हैं और उनके नेता धरती के नक्शे से मिटाए जा रहे हैं।
राष्ट्रपति ने आगे लिखा कि अमेरिका के पास बेजोड़ मारक क्षमता, असीमित गोला-बारूद और पर्याप्त समय है। उन्होंने कहा कि अब देखिए कि आज इन पागल और नीच लोगों का क्या हश्र होता है, जो पिछले 47 सालों से दुनिया में बेगुनाह लोगों की जान ले रहे थे। ट्रंप ने इसे अपने लिए बड़े सम्मान की बात बताया और सभी का इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद किया।



