वाशिंगटन, 13 मार्च 2026।
संयुक्त राज्य अमेरिका के मिशिगन राज्य के वेस्ट ब्लूमफील्ड स्थित टेंपल इजराइल में गुरुवार दोपहर हुए हमले के दौरान गोलीबारी में एक संदिग्ध की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आराधनालय (सिनेगॉग) के अंदर कोई हताहत नहीं हुआ। ओकलैंड काउंटी शेरिफ माइकल बूचार्ड ने घटना की पुष्टि की है।
बूचार्ड ने कहा कि गुरुवार दोपहर करीब 1:35 बजे पुलिस को टेंपल इजराइल के इलाके में गोलीबारी की सूचना मिली। एक व्यक्ति भवन के मुख्य द्वार से होकर हॉल-वे में घुसा। सुरक्षाकर्मियों ने संदिग्ध पर गोलीबारी की।
लॉ एनफोर्समेंट सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध ट्रक से राइफल लेकर निकला और सिनेगॉग के सिक्योरिटी स्टाफ ने उसका सामना किया। बूचार्ड ने कहा कि संदिग्ध गाड़ी में मृत मिला और कभी-कभी हमलावर खुद को मार लेते हैं।
सिक्योर कम्युनिटी नेटवर्क के मुताबिक, प्रारंभ में ट्रक में दो संदिग्ध बताए गए थे। लेकिन बूचार्ड ने पुष्टि की कि केवल एक ही संदिग्ध था। ट्रक में मोर्टार जैसे विस्फोटक थे, जिनसे बिल्डिंग में आग लग गई और धुआं उठने लगा। गोलीबारी में कई लोग घायल हुए।
हेनरी फोर्ड वेस्ट ब्लूमफील्ड हॉस्पिटल और हेनरी फोर्ड प्रोविडेंस नोवी हॉस्पिटल ने बताया कि घटनास्थल पर घायल आठ सुरक्षाकर्मियों का इलाज किया जा रहा है। ब्लूमफील्ड पुलिस ने दोपहर 3:30 बजे सुरक्षा बढ़ा दी और कहा कि अब यहूदी समुदाय के लिए कोई खतरा नहीं है। संदिग्ध की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
टेंपल इजराइल अमेरिका का सबसे बड़ा आराधनालय है। परिसर में एक स्कूल भी है। गुरुवार को स्कूल में 140 विद्यार्थी और शिक्षक मौजूद थे, जो सभी सुरक्षित हैं। मिशिगन की गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर ने हमले को "हर समुदाय के लिए सबसे बुरा सपना" बताया और कहा कि राज्य में यहूदी-विरोधी हिंसा की कोई जगह नहीं है। राष्ट्रपति ट्रंप ने भी हमले की निंदा की और कहा कि हम हमले की तह तक जाएंगे।



