राजगढ़, 12 मार्च 2026।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर बुधवार रात नरसिंहगढ़ से भोपाल की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तीन से चार बार पलट गई, जिसमें कार सवार 34 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई और 33 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्राम मोइलीकला जोड़ के पास वेअरहाउस के सामने कार अनियंत्रित होकर पलटी। हादसे में बंटी पुत्र सुमेरसिंह मेवाड़ा निवासी खजूरीसड़क भोपाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दिनेश पुत्र लीलाकिशन मेवाड़ा निवासी फंदा भोपाल को गंभीर चोटें आई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायल युवक को नरसिंहगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया।
पुलिस ने बताया कि कार सवार युवक घर से शादी में जाने का बोलकर निकले थे, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वे शादी में किस स्थान गए थे। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।



