लंदन, 16 मार्च।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर से होर्मुज जलडमरूमध्य की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता के अनुसार, दोनों नेताओं ने रविवार को इस वैश्विक संकट पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व में जारी स्थिति और तेल के आवागमन में रुकावट को खत्म करने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के महत्व पर बात की। इस रुकावट के कारण दुनिया भर में तेल की कीमतों में वृद्धि हो रही है।
प्रधानमंत्री स्टार्मर ने उन अमेरिकी सैनिकों के प्रति संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने इस संघर्ष के दौरान अपनी जान गंवाई है। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के संपर्क में रहने पर सहमति जताई।
इसके बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से बात की और मध्य पूर्व की स्थिति पर चर्चा की। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार को ब्रिटेन समेत अन्य देशों से अपील की थी कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते संकट को सुलझाने में मदद करें।



