लखनऊ, 14 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार लगातार सक्रिय दिखाई दे रही है। इसी दिशा में वर्ष 2017 से संचालित 181 महिला हेल्पलाइन संकट की घड़ी में महिलाओं और बालिकाओं के लिए भरोसेमंद सहारा बनकर उभरी है। प्रदेश में चौबीसों घंटे सक्रिय यह टोल फ्री हेल्पलाइन अब तक 8.42 लाख से अधिक महिलाओं को सहायता प्रदान कर चुकी है।
घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, उत्पीड़न या अन्य कठिन परिस्थितियों में फंसी महिलाएं 181 नंबर पर कॉल कर तुरंत मदद और परामर्श प्राप्त कर रही हैं। इससे उन्हें त्वरित राहत मिलने के साथ-साथ आत्मविश्वास में भी वृद्धि हो रही है।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि 181 महिला हेल्पलाइन महिलाओं और बालिकाओं के लिए एक समर्पित सहायता तंत्र के रूप में कार्य कर रही है। प्रदेश के किसी भी कोने से महिलाएं अपनी समस्याओं को साझा कर सकती हैं और प्रशिक्षित विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकती हैं। कॉल सेंटर में तैनात परामर्शदाता महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं और तत्काल सलाह व आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हैं।
इस हेल्पलाइन की व्यवस्था इस तरह की गई है कि यह चौबीसों घंटे सक्रिय रहकर महिलाओं को तुरंत मदद उपलब्ध कराए। किसी भी समय कॉल आने पर उसे प्राथमिकता के आधार पर लिया जाता है और समस्या के अनुसार परामर्श या आवश्यक सहायता प्रदान की जाती है। इस प्रणाली के चलते महिलाएं बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं साझा कर सकती हैं, जिससे महिला सुरक्षा के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है।



