श्रीनगर, 20 फरवरी।
जम्मू-कश्मीर सरकार ने शुक्रवार को सदन को जानकारी दी कि पिछले तीन वर्षों में विवाह सहायता और लाडली बेटी योजनाओं के तहत कुल 1,100 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में विवाह सहायता योजना के तहत 44,301 लाभार्थियों को 234 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।
सदन में समाज कल्याण विभाग के मंत्री ने विधायक वहीद-उर-रहमान पारा के प्रश्न का उत्तर देते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों में विवाह सहायता योजना से 2023-24 में 26,000 लाभार्थियों को 130 करोड़ रुपये, 2024-25 में 26,000 लाभार्थियों को 130 करोड़ रुपये और 2025-26 में 44,301 लाभार्थियों को 234 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं। इसमें राजकोष में लंबित 70.08 करोड़ रुपये के बिल भी शामिल हैं। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक लाभार्थी श्रीनगर (2,504), अनंतनाग (4,308), बडगाम (4,255), बारामूला (3,855), कुपवाड़ा (3,426) और कठुआ (2,449) जिलों में हैं।
लाडली बेटी योजना के तहत 2023-24 में 1,41,085 लाभार्थियों को 213.75 करोड़ रुपये और 2024-25 में 1,76,126 लाभार्थियों को 150 करोड़ रुपये वितरित किए गए। योजना के संचयी आंकड़ों के अनुसार अब तक 1,98,024 लाभार्थियों को 300 करोड़ रुपये प्रदान किए जा चुके हैं। इसमें आगे वितरण के लिए जेएंडके बैंक द्वारा बनाए गए पूल खाते में 200 करोड़ रुपये के लंबित बिल शामिल हैं।


