जौनपुर, 10 मार्च।
यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा देवकली गाँव में संचालित प्रेरणा कोचिंग के अंतर्गत ग्रामीण एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए शैक्षिक सामग्री वितरित की गई। विद्यार्थियों को स्कूल बैग, पानी की बोतल, पेंसिल किट और बिस्किट प्रदान किए गए। यह कार्यक्रम अपोलो पाइप्स लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने बच्चों को किट वितरित की और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बल पर ही जीवन में हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। बच्चों से उनके सपनों पर बातचीत करते हुए उन्होंने निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर डिप्टी रीजनल सेल्स मैनेजर (सेल्स एवं विपणन) शशिभूषण सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रो. अजय प्रताप सिंह, डॉ. अन्नू त्यागी, डॉ. शशिकांत यादव, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. इंद्रेश कुमार, सुमित सिंह और दिव्यांशु सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। “प्रेरणा” टीम के शिक्षकों शिवम यादव (समन्वयक), विकास पटेल, रवि सिंह यादव, श्रवण कुमार, अभय राज निषाद और निलेश यादव ने विशेष सहयोग दिया।



