पश्चिमी सिंहभूम 14 मार्च।
पश्चिमी सिंहभूम जिले में नगर पालिका सामान्य चुनाव के बाद शनिवार को सदर अनुमंडल कार्यालय के सभागार में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चाईबासा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगरपालिका सह उपायुक्त चंदन कुमार ने चाईबासा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश तथा नगर परिषद के 21 वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई दी गई और उन्हें शहर के विकास के लिए मिलकर कार्य करने की शुभकामनाएं दी गईं।
शपथ लेने के बाद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि शहर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और सभी पार्षदों के सहयोग से नगर परिषद बेहतर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने आधारभूत सुविधाओं को बेहतर करने और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने जो विश्वास उन पर जताया है उसे पूरा करना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।
समारोह में मौजूद अधिकारियों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन और नगर परिषद के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा।
इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी सिद्धांत कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में नगर परिषद के सभी नवनिर्वाचित पार्षद जनप्रतिनिधि और अन्य लोग भी उपस्थित थे। शपथ ग्रहण के बाद सभी ने एक दूसरे को बधाई दी और शहर के विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया।



