कोलकाता, 12 मार्च 2026।
पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त राज्यपाल आरएन रवि ने गुरुवार को लोकभवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। उन्हें कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुजय पाल ने शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती, विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी और वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह निर्धारित समय पूर्वाह्न 11:30 बजे शुरू हुआ। शपथ ग्रहण से पहले और बाद में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् और राष्ट्रीय गान जन गण मन प्रस्तुत किया गया।
शपथ लेने के बाद राज्यपाल ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों से औपचारिक मुलाकात की। आरएन रवि को तत्कालीन राज्यपाल सीवी आनंद बोस के इस्तीफे के बाद पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह तमिलनाडु के राज्यपाल थे और बुधवार को ही कोलकाता पहुंचे थे।
तमिलनाडु के राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उनका राज्य सरकार के साथ कई मुद्दों पर मतभेद सामने आया। विभिन्न विधेयकों को लेकर राज्य सरकार और राजभवन के बीच टकराव की स्थिति बनी।
पूर्व राज्यपाल आनंद बोस के अचानक इस्तीफे को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सवाल उठाए और कहा कि उन्हें इस्तीफे के कारणों की जानकारी नहीं है, लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले की परिस्थितियों को देखते हुए इस घटनाक्रम पर कई सवाल खड़े होते हैं।



