पूर्वी सिंहभूम, 13 मार्च।
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले से आरोपी को गिरफ्तार कर अपहृत युवती को सुरक्षित बरामद किया है।
मामले की शुरुआत काशाफलिया गांव निवासी सुरेश पात्र की लिखित शिकायत से हुई थी। उन्होंने अपनी बेटी के अपहरण की जानकारी देते हुए बहरागोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी सेल की सहायता से आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के नयाग्राम थाना क्षेत्र के बारडीगा गांव में मिली। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर आरोपी सागर दंडपात को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में अपहृत युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बहरागोड़ा लाया गया। शुक्रवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।



