बुलंदशहर, 13 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शुक्रवार को एक गंभीर घटना सामने आई, जब खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के नेहरूपुर के पास जंगल में तीन लोगों के शव पाए गए। यह शव महिला, युवक और एक बच्ची के हैं। प्रथमदृष्टया सभी मृतक एक ही परिवार के प्रतीत होते हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और बताया कि महिला का शव पेड़ से लटका हुआ था, जबकि सात से आठ साल की बच्ची और युवक का शव जमीन पर पड़ा मिला। महिला और पुरुष की उम्र लगभग 28 से 30 वर्ष के बीच हो सकती है।
मौके पर पुलिस अधिकारियों और फारेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद हुए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे और नेहरूपुर में किराए के कमरे लेकर एक पॉटरी में मजदूरी करते थे।
पुलिस कप्तान ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की छानबीन में पूरी गंभीरता से जुटी हुई है।



