पलामू, 14 मार्च।
मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर दूसरी बार जीत हासिल करने वाली अरुणा शंकर ने शनिवार सुबह 10 बजे समाहरणालय में शपथ ग्रहण की। इसी अवसर पर वार्ड एक से लेकर 35 तक के सभी पार्षदों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
शपथ ग्रहण की प्रक्रिया में प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने सभी को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला और निर्धारित समय पर कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
मेदिनीनगर नगर निगम का चुनाव 23 फरवरी को हुआ था, जबकि मतों की गिनती 27 फरवरी को हुई। निर्वाचित महापौर अरुणा शंकर ने नम्रता त्रिपाठी को 3122 मतों के अंतर से पराजित किया। अरुणा शंकर को कुल 24,169 वोट प्राप्त हुए, नम्रता त्रिपाठी को 21,047 और पूनम सिंह तीसरे स्थान पर रही जिनके 12,809 मत थे।
इस बार 32 वार्ड पार्षद निर्वाचित हुए, जबकि 3 वार्ड पार्षद निर्विरोध घोषित किए गए। शपथ ग्रहण के बाद अरुणा शंकर ने कहा कि उनका प्राथमिक लक्ष्य सरकार द्वारा संचालित शहरी विकास योजनाओं को धरातल पर उतारना होगा। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि प्रथम कार्यकाल के अनुभव से इस बार और भी बेहतर विकास कार्य किए जाएंगे और कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।



