नई दिल्ली, 11 मार्च।
पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को दिल्ली के उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली। दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने लोक निवास में आयोजित समारोह में उन्हें 23वें उपराज्यपाल के रूप में शपथ दिलाई। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी उपस्थित रही।
तरनजीत सिंह संधू ने विनय कुमार सक्सेना का स्थान लिया, जिन्हें लद्दाख उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। शपथ ग्रहण से पहले संधू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की और लोक सेवा व शासन से संबंधित विषयों पर चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति ने पांच मार्च को वरिष्ठ राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किया था। संधू ने श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त और अमेरिका में भारत के 28वें राजदूत के रूप में कार्य किया है।
तरनजीत सिंह संधू का जन्म 23 जनवरी 1963 को पंजाब में हुआ। उन्होंने लॉरेंस स्कूल सनावर से स्कूली शिक्षा पूरी की और दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से इतिहास में बीए किया। इसके बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एमए की डिग्री प्राप्त की।
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वे उपराज्यपाल का स्वागत करती हैं और विश्वास जताया कि संधू की उपस्थिति से दिल्ली की प्रगति में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से होगा और सरकार उनके मार्गदर्शन में निर्देशों के अनुसार कार्य करेगी।



