सुलतानपुर, 20 फरवरी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में दर्ज मानहानि केस में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने स्थानीय एमपी/एमएलए कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया।
राहुल गांधी ने इस केस को सस्ती लोकप्रियता का मामला बताया। वह सुबह 9:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से 10:50 बजे सीधे कोर्ट पहुंचे। उन्होंने 313 के तहत अपना बयान दर्ज कराया और लगभग 20 मिनट कोर्ट में रुके। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 9 मार्च की तिथि तय की है। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय और वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी मौजूद रहे।
मामला अक्टूबर 2018 का है, जब कोतवाली देहात के हनुमानगंज निवासी भाजपा नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। आरोप था कि अगस्त 2018 में कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। दिसंबर 2023 में राहुल गांधी के पेश न होने पर उनके खिलाफ वारंट जारी हुआ था। 20 फरवरी 2024 को राहुल गांधी कोर्ट में आत्मसमर्पण कर 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर जमानत पाए थे। गवाह राम चंद्र दुबे से 6 जनवरी को पूछताछ की गई थी। कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए, जिसमें एडीएम प्रशासन गौरव शुक्ला और एएसपी अखंड प्रताप सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे।



