नई दिल्ली, 20 फरवरी।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को बताया कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते पर मार्च में हस्ताक्षर होने और अप्रैल में इसे लागू किए जाने की संभावना है। इस समझौते से दोनों देशों के व्यापारिक संबंध और मजबूत होंगे और एमएसएमई निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।
गोयल ने बताया कि एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन लॉन्च किया गया है, जिसका उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सक्षम बनाना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत के ब्रिटेन और ओमान के साथ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) अप्रैल में लागू होने की उम्मीद है, जबकि न्यूजीलैंड के साथ समझौता सितंबर में लागू हो सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते पर कहा कि सभी 27 ईयू देशों ने इसे जल्द फाइनल करने और आगे बढ़ाने में रुचि दिखाई है। गोयल ने कहा कि ये समझौते 140 करोड़ भारतीयों की ताकत को मजबूत करेंगे।
भारत और अमेरिका के अधिकारियों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के कानूनी मसौदे को अंतिम रूप देने के लिए तीन दिवसीय बैठक 23 फरवरी से अमेरिका में आयोजित होगी। इस महीने की शुरुआत में दोनों देशों ने इस समझौते की रूपरेखा तय कर ली थी।



