02 मार्च, नई दिल्ली।
अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजारों से आज कमजोर संकेत मिल रहे हैं, जिससे निवेशकों में सतर्कता का माहौल बना हुआ है। अमेरिका के बाजार पिछली कारोबारी अवधि में गिरावट के साथ बंद हुए थे और डाउ जॉन्स वायदा भी कमजोरी दर्शा रहा है। यूरोप में मिश्रित रुख देखने को मिला, जबकि एशियाई बाजारों में व्यापक बिकवाली का दबाव बना हुआ है।
भूराजनैतिक तनाव के चलते अमेरिकी बाजार दबाव में रहे। एस एंड पी 500 सूचकांक 0.43 प्रतिशत गिरकर 6,878.88 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक सूचकांक 214.48 अंक यानी 0.94 प्रतिशत लुढ़ककर 22,663.90 अंक पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स वायदा 391.58 अंक यानी 0.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 48,586.34 अंक पर कारोबार करता दिखाई दे रहा है।
यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला प्रदर्शन रहा। एफटीएसई सूचकांक 0.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 10,910.55 अंक पर बंद हुआ। इसके विपरीत सीएसी सूचकांक 0.47 प्रतिशत गिरकर 8,580.75 अंक पर आ गया। वहीं डीएएक्स सूचकांक मामूली 0.02 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,284.26 अंक पर बंद हुआ।
एशिया में अधिकांश बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। नौ प्रमुख बाजारों में से सात में गिरावट दर्ज की गई, जबकि एक सूचकांक मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में है। दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार में अवकाश के कारण कोस्पी सूचकांक स्थिर रहा। चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.13 अंक की हल्की तेजी के साथ 4,163.01 अंक पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 167.50 अंक यानी 0.66 प्रतिशत गिरकर 25,117.50 अंक पर आ गया है। ताइवान वेटेड सूचकांक 117.49 अंक यानी 0.33 प्रतिशत कमजोर हुआ है। जकार्ता कंपोजिट सूचकांक 149.72 अंक यानी 1.82 प्रतिशत टूटकर 8,085.77 अंक पर पहुंच गया है।
सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स सूचकांक 88.24 अंक यानी 1.77 प्रतिशत गिरकर 4,906.83 अंक पर है। हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक 425.54 अंक यानी 1.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26,205 अंक पर, थाईलैंड का सेट कंपोजिट सूचकांक 1.34 प्रतिशत कमजोर होकर 1,507.72 अंक पर और जापान का निक्केई सूचकांक 780.27 अंक यानी 1.33 प्रतिशत गिरकर 58,070 अंक पर कारोबार कर रहा है।



