नई दिल्ली, 26 फ़रवरी।
वैश्विक शेयर बाजारों से आज सकारात्मक संकेत प्राप्त हुए हैं। अमेरिकी बाजार पिछले कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुए, हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में फिलहाल हल्की गिरावट का रुख दिखाई दे रहा है। यूरोपीय बाजारों में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार खरीदारी देखी गई, जबकि एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।
टेक्नोलॉजी शेयरों में आई तेजी के चलते अमेरिकी बाजारों में उत्साह का माहौल रहा। एस एंड पी 500 सूचकांक 0.81 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,946.13 अंक पर बंद हुआ। वहीं नैस्डेक कंपोजिट 284.59 अंक यानी 1.24 प्रतिशत उछलकर 23,148.27 अंक पर पहुंच गया। दूसरी ओर डाउ जॉन्स फ्यूचर्स फिलहाल 0.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 49,439.75 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
यूरोप में भी टेक शेयरों की मजबूती से बाजारों को समर्थन मिला। एफटीएसई 100 सूचकांक 1.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,806.41 अंक पर बंद हुआ। सीएसी 40 सूचकांक 0.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,559.07 अंक पर पहुंच गया, जबकि डीएएक्स सूचकांक 0.75 प्रतिशत मजबूत होकर 25,175.94 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में आज मिश्रित रुख देखा जा रहा है। जकार्ता कंपोजिट सूचकांक 0.61 प्रतिशत गिरकर 8,271.48 अंक पर कारोबार कर रहा है। हैंग सेंग सूचकांक 0.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 26,647 अंक तक फिसल गया है। स्ट्रेट्स टाइम्स सूचकांक 0.20 प्रतिशत गिरकर 4,997.89 अंक पर और शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.08 प्रतिशत की हल्की गिरावट के साथ 4,144.08 अंक पर कारोबार कर रहा है।



