नई दिल्ली, 17 फरवरी।
सर्राफा बाजार और कमोडिटी मार्केट दोनों में आज सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट का रुख देखा गया। एशियाई बाजार में लूनर न्यू ईयर की छुट्टी और अमेरिकी डॉलर की मजबूती ने कीमतों पर दबाव बढ़ाया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोपहर 12 बजे चांदी 7,491 रुपये यानी 3.12 प्रतिशत गिरकर 2,32,400 रुपये प्रति किलोग्राम और सोना 2,760 रुपये यानी 1.77 प्रतिशत फिसलकर 1,52,024 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट का ट्रेंड बना रहा। स्पॉट सिल्वर भारतीय समयानुसार दोपहर 12 बजे तक 2.71 प्रतिशत गिरकर 74.51 डॉलर प्रति औंस और स्पॉट गोल्ड 0.90 प्रतिशत गिरकर 4,947.98 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर था। अप्रैल डिलीवरी वाला यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 1.62 प्रतिशत गिरकर 4,966.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचा।
यूएस डॉलर इंडेक्स में 0.20 प्रतिशत की बढ़त ने डॉलर के अलावा अन्य करेंसी रखने वाले निवेशकों के लिए बुलियन महंगा कर दिया। इसके चलते निवेशकों की मांग में कमी आई और सोना-चांदी के भाव में गिरावट दर्ज हुई। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती करता है या डॉलर कमजोर होता है, तो सोना-चांदी की कीमतों में तेजी का रुख फिर बन सकता है। फिलहाल चांदी की इंडस्ट्रियल डिमांड और सप्लाई सीमित होने के कारण बड़ी तेजी की उम्मीद कम है।



