अलवर, 16 फरवरी।
भिवाड़ी के खुशखेड़ा कारोली में स्थित एक केमिकल और पटाखा बनाने वाली फैक्टरी में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। धमाकों और लपटों के बीच फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे में अब तक सात मजदूरों की झुलसकर मौत हो चुकी है, जबकि एक मजदूर के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद भिवाड़ी, खुशखेड़ा, तिजारा, धारूहेड़ा और रेवाड़ी सहित कई जगहों की दमकल मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा विधानसभा से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब 9.30 बजे तेज धमाके के साथ देखते ही देखते आग ने पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्टरी में ज्वलनशील केमिकल और पटाखा सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रीको के फायर अधिकारी राजू खान ने बताया कि घटनास्थल से अब तक सात शव बरामद किए गए हैं। हादसा इतना भयावह था कि कई शव बुरी तरह झुलस गए, जिससे रेस्क्यू टीम को बॉडी पार्ट्स प्लास्टिक बैग में इकट्ठा करने पड़े। प्रशासन ने मृतकों की शिनाख्त के लिए डीएनए जांच कराने का निर्णय लिया है।
जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फैक्टरी में सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मौके पर पुलिस, प्रशासन और बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हैं।




