नलबाड़ी, 28 फरवरी।
असम में होने वाले 16वें विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनाव की तारीख नजदीक आते ही सभी दल अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। हालांकि कांग्रेस और सत्तारूढ़ भाजपा ने अभी तक उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने बताया कि पार्टी अपने प्रत्याशियों की सूची दौल (होली) उत्सव के बाद घोषित करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद पहली और दूसरी सूची दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय से जारी की जाएगी।
सैकिया नलबाड़ी में उत्तर नलबाड़ी मंडल भाजपा कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी साझा की। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री जयंत मल्लबरुवा, जिला भाजपा अध्यक्ष जयंत बुजरबरुवा और मंडल अध्यक्ष नंदलाल सरकार समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले दस वर्षों में, खासकर हाल के पांच वर्षों में राज्य में विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में हुए काम के आधार पर भाजपा को जनता का समर्थन मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में पार्टी और मुख्यमंत्री को जनादेश प्राप्त होगा।



