नई दिल्ली, 21 फरवरी 2026
भारत मंडपम में चल रहे एआई शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा ने कांग्रेस के प्रदर्शन को देश की छवि खराब करने की कोशिश बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया और कुछ समय बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष सचदेवा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार भाटिया, विष्णु मित्तल, प्रवीण शंकर कपूर, उपमहापौर जयभगवान यादव, जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र बब्बर, माया विष्ट सहित कई नेता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर तुगलक रोड थाने भेज दिया और करीब एक घंटे बाद रिहा कर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष सचदेवा ने कहा कि एआई शिखर सम्मेलन भाजपा का नहीं बल्कि पूरे भारत का कार्यक्रम था, ऐसे मंच पर प्रदर्शन करना राष्ट्रहित के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जहां भारत अपनी डिजिटल क्रांति, स्टार्टअप इकोसिस्टम और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन कर रहा था, वहां इस तरह का प्रदर्शन कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि जब दुनिया भारत की तकनीकी प्रगति को मान्यता दे रही है, तब कांग्रेस का इस तरह हंगामा करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से देशहित से ज्यादा राजनीतिक निराशा को महत्व देती आई है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की उपलब्धियों को कमतर दिखाने का प्रयास करती है।
मनोज तिवारी ने कहा कि शुक्रवार की घटना सामान्य नहीं थी। उन्होंने कहा कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद लोगों ने प्रदर्शनकारियों को समझा दिया था। तिवारी ने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन राहुल गांधी और कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है।



