नई दिल्ली, 02 मार्च।
मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि दर्ज की गई है। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हवाई हमलों के बाद ब्रेंट क्रूड और अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड के भाव में महत्वपूर्ण उछाल देखा गया।
सोमवार को वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 7.60 फीसदी बढ़कर 78.41 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई, जबकि WTI क्रूड का भाव 7.19 फीसदी बढ़कर 71.86 डॉलर प्रति बैरल हुआ। इस बीच, ओपेक ने अगले महीने से कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाने का निर्णय लिया है। प्रमुख सदस्य जैसे सऊदी अरब और रूस प्रतिदिन 2 लाख 6 हजार बैरल अतिरिक्त उत्पादन करेंगे।
विश्लेषकों का कहना है कि मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और आपूर्ति बाधाओं की आशंका से वैश्विक तेल बाजार में तेजी बनी हुई है। यदि होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान जारी रहता है, तो ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जा सकती है, जबकि गंभीर क्षेत्रीय संघर्ष के हालात में यह 100 डॉलर प्रति बैरल को भी पार कर सकता है। लंबी अवधि के तनाव से परिवहन और समुद्री बीमा लागत में वृद्धि हो सकती है और खाड़ी क्षेत्र के समुद्री मार्ग प्रभावित होने से व्यापार पर दबाव बढ़ सकता है।



