कोलकाता, 14 फरवरी।
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अफरातफरी मच गई जब कोलकाता से शिलांग जा रही इंडिगो की उड़ान में बम की आशंका जताई गई।
एयरपोर्ट प्रबंधन के बयान के अनुसार, विमान के शौचालय में एक हस्तलिखित पर्ची मिली, जिसमें बम होने का संकेत दिया गया था। यह पर्ची विमान के एक क्रू सदस्य की नजर में आई और तुरंत चालक दल ने सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही हवाई अड्डे पर आपात सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय किया गया। विमान को मुख्य टर्मिनल से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया गया और यात्रियों तथा विमान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया के तहत सभी आवश्यक कदम उठाए गए।
बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन जांच शुरू कर दी। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि यात्रियों और विमान संचालन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थिति पर नजर रखी गई और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी एजेंसियां सतर्क रहीं।
मामले की जांच जारी है और संदिग्ध पर्ची की सत्यता तथा स्रोत का पता लगाया जा रहा है। यात्रियों को आवश्यक सहायता दी गई और सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।



