नई दिल्ली, 21 फरवरी 2026
दिल्ली में आतंकी हमले की आशंका को लेकर एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और राजधानी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। खुफिया जानकारी के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली में आईईडी विस्फोट करने की साजिश रच रहा है।
सूत्रों के अनुसार आतंकियों के निशाने पर ऐतिहासिक लाल किला परिसर स्थित मंदिर और उसके आसपास का क्षेत्र हो सकता है। खास तौर पर भीड़भाड़ वाले चांदनी चौक क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थल को लेकर इनपुट मिला है। हालांकि किसी विशेष स्थान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील धार्मिक स्थलों की निगरानी बढ़ा दी है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक 6 फरवरी को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित टेरलाई इमाम बारगाह में जुमे की नमाज के दौरान हुए विस्फोट के बाद यह आतंकी संगठन भारत में बड़ी घटना को अंजाम देने की कोशिश में है। उस हमले में कई लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।
दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को खतरे की जानकारी मिलने के बाद लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। बाजारों, पार्किंग क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों की लगातार जांच की जा रही है।


