नई दिल्ली, 21 फरवरी 2026
एआई शिखर सम्मेलन में प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को शनिवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में आरोपियों की पांच दिन की पुलिस हिरासत की मांग की है। यह कार्रवाई 20 फरवरी को प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित सम्मेलन के दौरान हुए प्रदर्शन के बाद की गई थी।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों को सम्मेलन के दौरान कपड़े उतारकर प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इनमें कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से पहले आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी की थी, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जांच में सामने आया कि प्रदर्शनकारी पहले काले छाते और स्टिकर लेकर सम्मेलन स्थल में प्रवेश करना चाहते थे, लेकिन पकड़े जाने के डर से उन्होंने योजना बदल दी और प्रिंटेड संदेश वाली टी-शर्ट पहनकर आए। बाद में सम्मेलन के हॉल नंबर पांच में पहुंचकर उन्होंने टी-शर्ट उतारकर उसे हवा में लहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस अब इस पूरे मामले की साजिश और टी-शर्ट पर लगे स्टिकर के स्रोत की जांच कर रही है।
यूथ कांग्रेस की ओर से दिए गए बयान में कहा गया कि कार्यकर्ता एआई शिखर सम्मेलन में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगा रहे थे।



