रायपुर, 26 फ़रवरी।
छत्तीसगढ़ सरकार ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा को राज्य नीति आयोग का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग और बीस सूत्रीय कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग की ओर से बुधवार देर शाम इस नियुक्ति का आधिकारिक आदेश जारी किया गया।
आदेश के अनुसार, गणेश शंकर मिश्रा का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगा और आगामी निर्देश तक जारी रहेगा। उनकी नियुक्ति को राज्य की नीति निर्माण और विकास योजनाओं को नई दिशा देने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सेवा शर्तें और अन्य भत्ते अलग से जारी किए जाएंगे। गणेश शंकर मिश्रा का प्रशासनिक अनुभव काफी लंबा और समृद्ध रहा है।



