हरिद्वार, 20 फरवरी।
होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार सुबह जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने बार्डर पर दूध और पनीर से लदे वाहनों की सघन जांच की और कुल पांच खाद्य नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में सुबह करीब 6 बजे भगवानपुर पुलिस चेकपोस्ट, कनखल पर बाहरी राज्यों से आने वाले दुग्ध उत्पादों की जांच की गई। इस दौरान खुले दूध के 3 और पनीर के 2 नमूने भरे गए। अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
चेकिंग के दौरान तीन खाद्य प्रतिष्ठानों में भी अनियमितताएं पाई गईं। संचालकों द्वारा फूड लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेज और रेट लिस्ट नहीं प्रस्तुत की जा सकी। साथ ही तापमान नियंत्रण मानकों का पालन न करने पर नोटिस जारी किए गए।
अधिकारियों ने कहा कि दुग्ध उत्पादों के परिवहन में गुणवत्ता और तापमान मानकों का पालन अनिवार्य है। पनीर को बर्फ के साथ सुरक्षित रखना और वाहनों में कंट्रोल यूनिट के माध्यम से तापमान बनाए रखना जरूरी है। विभाग ने संकेत दिए कि मिलावट और मानकों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।



