काठमांडू, 02 मार्च 2026
नेपाल में आज से एक सप्ताह तक लगातार सार्वजनिक अवकाश शुरू हो गया है। होली, प्रतिनिधि सभा निर्वाचन, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और साप्ताहिक अवकाश के कारण यह लंबी छुट्टी दी गई है। सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पहाड़ी जिलों में आज सोमवार तथा तराई मधेश में मंगलवार को होली पर्व मनाने के लिए दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
इसके बाद 5 मार्च को होने वाले मतदान को देखते हुए सरकार ने 4, 5 और 6 मार्च को राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि मतदाता अपने गांव और शहर जाकर मतदान में भाग ले सकें और वापस अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकें। इसके बाद 7 मार्च को शनिवार होने के कारण साप्ताहिक अवकाश रहेगा। 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
इस प्रकार 2 मार्च से लेकर 8 मार्च तक लगातार सात दिनों का अवकाश रहेगा। लंबी छुट्टी के कारण काठमांडू की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम दिखाई दे रही है। बड़ी संख्या में लोग होली मनाने और मतदान में भाग लेने के लिए काठमांडू छोड़कर अपने गांवों की ओर रवाना हो रहे हैं।
यातायात व्यवसायी संघ के अनुसार पिछले शुक्रवार से आज सोमवार सुबह तक केवल सार्वजनिक यात्री बसों के माध्यम से करीब साढ़े तीन लाख लोग काठमांडू छोड़ चुके हैं। अनुमान है कि तराई मधेश में होली और मतदान के कारण आने वाले दिनों में लगभग 5 लाख और लोग काठमांडू से बाहर जा सकते हैं।



