अजमेर, 19 फ़रवरी।
शहर के फायसागर रोड स्थित पाराशर कम्यूनिकेशन इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे अचानक आग लग गई। आग ने दुकान में रखे लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
दुकान के ऊपर बने मकान में परिवार के सदस्य रह रहे थे। दुकान मालिक संजय पाराशर के छोटे भाई विजय पाराशर ने बताया कि अचानक धुआं उठते ही आग की लपटें भड़क गईं। ऊपर रहने वाले उनके छोटे भाई विवेक, उनकी पत्नी और पुत्र ने जान बचाने के लिए नीचे छलांग लगाई। सौभाग्य से इस दौरान किसी की जनहानि नहीं हुई।
फायर ऑफिसर गौरव तंवर ने बताया कि सुबह लगभग पांच बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग में एसी, कूलर, मोबाइल, गिफ्ट आइटम्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए। ऊपर की मंजिल पर रखे फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचा है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं और आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।



