जौनपुर, 12 मार्च 2026।
जफराबाद थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव के पास बुधवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने सहज जन सेवा केंद्र संचालक प्रेमचंद यादव पर हमला कर उन्हें गोली मार दी। वारदात के बाद बदमाश उनकी बाइक, बैग और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
सूचना पर ग्रामीणों ने घायल संचालक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार प्रेमचंद यादव अपने केंद्र से बाइक पर घर लौट रहे थे। गोसाईपुर चौराहे से करीब 500 मीटर आगे ब्राह्मण बस्ती के पास एक बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और गोली मार दी। गोली सीने और पेट के बीच लगी।
घायल अवस्था में प्रेमचंद यादव किसी तरह पास की ब्राह्मण बस्ती पहुंचे और लोगों से मदद की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने तत्काल ग्राम प्रधान को सूचित कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही जफराबाद थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।
संचालक प्रेमचंद यादव की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।



