नई दिल्ली, 12 मार्च 2026।
देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनियां आज पश्चिम एशिया के लिए 100 से अधिक उड़ानों का संचालन करेंगी। टाटा समूह की एयर इंडिया और उसकी सहायक इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कुल 58 उड़ानों की योजना बनाई है। वहीं, इंडिगो ने गुरुवार के लिए कुल 41 उड़ानों का परिचालन करने की घोषणा की है। नई विमान सेवा कंपनी अकासा ने भी जेद्दा के लिए पांच भारतीय शहरों से उड़ानों के परिचालन की सूचना दी है।
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस मिलकर 18 नियमित और 40 विशेष उड़ानों का संचालन करेंगी। नियमित उड़ानों में 10 उड़ानें सऊदी अरब के जेद्दा के लिए और आठ उड़ानें ओमान के मस्कट के लिए संचालित होंगी। इसके अतिरिक्त, रियाद से मुंबई और कोझीकोड के लिए 12 मार्च से एयर इंडिया की उड़ानों का परिचालन शुरू होगा। विशेष उड़ानों में जेद्दा से दिल्ली और मुंबई की उड़ानें शामिल हैं।
इंडिगो ने बताया कि वह यूरोप और पश्चिम एशिया के नौ शहरों के लिए उड़ानें संचालित करेगी। इसके अलावा, यूरोप के लिए लंदन हीथ्रो और एम्सटर्डम हवाई अड्डों से पांच उड़ानों की आवाजाही तय की गई है। पश्चिम एशिया में मदीना, जेद्दा, मस्कट, अबू धाबी, शारजाह, दुबई, रस-अल-खैमा और फुजैरा के लिए उड़ानों की योजना बनाई गई है।
अकासा के अनुसार, वह 31 मार्च तक जेद्दा से अहमदाबाद, कोच्चि, कोझीकोड, मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ानें भरेगी। कंपनियों ने कहा कि जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं या पूरा पैसा वापस ले सकते हैं।



