नई दिल्ली, 16 मार्च।
वैश्विक शेयर बाजारों से आज कमजोर संकेत मिल रहे हैं। बीते कारोबारी सत्र में अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए, हालांकि आज डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में हल्की मजबूती दिखाई दे रही है। यूरोप के बाजारों में भी पिछले सत्र में बिकवाली का दबाव बना रहा। वहीं एशियाई शेयर बाजारों में आज कारोबार का रुख मिला-जुला नजर आ रहा है।
पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव का असर अमेरिकी बाजारों पर देखने को मिला, जिसके कारण पिछले सत्र में वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। एस एंड पी 500 सूचकांक 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,632.19 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक सूचकांक 206.62 अंक यानी 0.93 प्रतिशत फिसल कर 22,105.36 अंक पर बंद हुआ। हालांकि आज डाउ जॉन्स फ्यूचर्स 154.02 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की तेजी के साथ 46,712.49 अंक के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दे रहा है।
यूरोपीय बाजारों में भी पिछला सत्र कमजोर रहा। एफटीएसई सूचकांक 0.43 प्रतिशत गिरकर 10,261.15 अंक पर बंद हुआ। सीएसी सूचकांक 0.92 प्रतिशत टूटकर 7,911.53 अंक पर बंद हुआ। वहीं डीएएक्स सूचकांक 142.36 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,447.29 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में आज कारोबार का रुख मिश्रित है। एशिया के नौ प्रमुख बाजारों में से चार में बढ़त दर्ज की जा रही है, जबकि पांच बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,264 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। हैंग सेंग सूचकांक 155.40 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,621 अंक तक पहुंच गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट सूचकांक 0.28 प्रतिशत बढ़कर 1,413.26 अंक पर और ताइवान वेटेड सूचकांक 0.01 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 33,403.69 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर जापान का निक्केई सूचकांक 546.61 अंक यानी 1.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 53,273 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.72 प्रतिशत फिसल कर 4,066.32 अंक पर आ गया है। जकार्ता कंपोजिट सूचकांक में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है और यह 117.27 अंक यानी 1.67 प्रतिशत टूटकर 7,019.94 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा कोस्पी सूचकांक 0.19 प्रतिशत गिरकर 5,476.81 अंक पर और स्ट्रेट्स टाइम्स सूचकांक 0.04 प्रतिशत की हल्की कमजोरी के साथ 4,840.27 अंक के स्तर पर कारोबार करते दिखाई दे रहे हैं।



