नई दिल्ली, 12 मार्च।
वैश्विक बाजारों से बने भारी दबाव के बावजूद घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान निचले स्तर से सुधार का संकेत दिखाई दिया। आज बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी, लेकिन कुछ देर बाद खरीदार सक्रिय हो गए, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी की स्थिति में कुछ सुधार दर्ज किया गया। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.68 प्रतिशत और निफ्टी 0.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
सुबह 10 बजे तक के कारोबार में दिग्गज शेयरों में टेक महिंद्रा, कोल इंडिया, ओएनजीसी, एनटीपीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 0.25 प्रतिशत से 0.01 प्रतिशत तक की मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। इसके विपरीत एटरनल, इंटरग्लोब एविएशन, टीएमपीवी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज ऑटो के शेयर 4.08 प्रतिशत से 2.06 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए थे।
अब तक के कारोबार में बाजार में 2,616 शेयरों में सक्रिय रूप से ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 441 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,175 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में थे। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से 5 शेयरों में खरीदारी का रुख रहा, जबकि 25 शेयरों में बिकवाली का दबाव बना रहा। वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में से 4 शेयर हरे निशान में और 46 शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिखे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 494.06 अंक की गिरावट के साथ 76,369.65 अंक पर खुला। कारोबार शुरू होते ही बिकवाली के दबाव के कारण यह सूचकांक लगभग एक हजार अंक गिरकर 75,871.18 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में खरीदारी बढ़ने से इसमें कुछ सुधार हुआ। लगातार चल रही खरीद-फरोख्त के बीच सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 524.48 अंक की गिरावट के साथ 76,339.23 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई का निफ्टी आज 192 अंक की कमजोरी के साथ 23,674.85 अंक पर खुला। बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारी के कारण यह सूचकांक 23,690.85 अंक तक पहुंच गया, लेकिन थोड़ी देर बाद बिकवाली बढ़ने से यह 310.55 अंक गिरकर 23,556.30 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों की सक्रियता से निफ्टी ने निचले स्तर से सुधार दिखाया। सुबह 10 बजे तक यह सूचकांक 174.75 अंक की गिरावट के साथ 23,692.10 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 1,342.27 अंक यानी 1.72 प्रतिशत गिरकर 76,863.71 अंक पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 394.75 अंक यानी 1.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,866.85 अंक पर बंद हुआ था।



