सिलीगुड़ी, 12 फरवरी।
सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र में इंडो-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
पहला मामला खोरीबाड़ी के डांगिबस्ती स्थित मेची नदी क्षेत्र का है। यहां इंडो-नेपाल सीमा पार कर मादक पदार्थ की तस्करी की कोशिश के दौरान नेपाल के एक तस्कर को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नेपाल के भद्रपुर निवासी रोहित राय के रूप में हुई है। उसके पास से 102 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी नेपाल से मादक पदार्थ लेकर भारत आया था और वापस लौटते समय गिरफ्तार कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि इसी स्थान से पांच दिन पहले भी नेपाल के एक अन्य तस्कर को पकड़ा गया था।
दूसरी घटना खोरीबाड़ी के पानीटंकी राज्य सड़क की है। यहां देर रात सिलीगुड़ी की ओर आ रही सिक्किम नंबर की एक चारपहिया वाहन को पुलिस ने रोककर जांच की। पूछताछ के दौरान आरोपियों के बयान में विरोधाभास मिलने पर वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी में 257 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
इस मामले में पुलिस ने वीर बहादुर छेत्री, आशीष छेत्री और राजकुमार राय को गिरफ्तार किया है। तीनों सिक्किम के रंगपो निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने संबंधित वाहन को भी जब्त कर लिया है।
दोनों मामलों में गिरफ्तार चारों आरोपियों को गुरुवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।


