नई दिल्ली, 17 फरवरी।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत रत्न और सामाजिक न्याय के पुरोधा कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय मंत्रियों और प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने उन्हें ‘भारत रत्न’ और ‘जननायक’ बताते हुए उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने अपना जीवन सामाजिक न्याय, वंचितों के सशक्तिकरण और सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित किया। उनकी सादगी, ईमानदारी और हाशिए पर पड़े समुदायों के उत्थान के प्रति अटूट प्रतिबद्धता राष्ट्र को प्रेरित करती रहेगी और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर स्वाधीनता, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए समर्पित रहे और उनकी सामाजिक जीवन में शुचिता और पारदर्शिता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें स्वतंत्रता सेनानी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक बताते हुए श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने उन्हें सामाजिक न्याय का पुरोधा बताते हुए पिछड़ों और महिलाओं के सशक्तिकरण में उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि उनका संघर्षमय जीवन और सिद्धांतनिष्ठ राजनीति लोकतंत्र में आमजन के विश्वास को मजबूत करती है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए उनके समर्पण को ऐतिहासिक बताया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनके सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता प्रेरणास्पद है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन पिछड़ों और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित किया और सादगी और शुचिता की राजनीति के प्रतीक रहे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन्हें सामाजिक न्याय का मसीहा बताया और कहा कि उनके आदर्श लोकतंत्र का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण को प्रेरणास्त्रोत बताया।



