काठमांडू, 09 फरवरी।
नेपाल की राजधानी काठमांडू में वायु प्रदूषण का स्तर फिर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। स्विस वायु गुणवत्ता प्रौद्योगिकी कंपनी 'आईक्यूएयर' के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, काठमांडू विश्व के 10 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में छठे स्थान पर है।
आज सुबह 10 से 11 बजे के बीच काठमांडू का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 184 दर्ज किया गया। 150 से ऊपर का एक्यूआई अस्वस्थकर माना जाता है। इसके कारण काठमांडू की हवा श्वास-प्रश्वास के लिए हानिकारक हो गई है।
आईक्यूएयर की सूची में दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर पाकिस्तान का लाहौर है, जहां एक्यूआई 261 दर्ज किया गया। दूसरे स्थान पर अफगानिस्तान का काबुल (238) और तीसरे स्थान पर भारत की नई दिल्ली (220) है। चौथे स्थान पर मंगोलिया का उलानबटोर (198) और पांचवें पर बांग्लादेश का ढाका (188) है।
शीर्ष 10 प्रदूषित शहरों में दक्षिण एशियाई शहरों का दबदबा है। इसमें भारत का कोलकाता (सातवां) और मुंबई (नौवां) शामिल हैं। प्रदूषण सूची के विपरीत पुर्तगाल की लिस्बन दुनिया का सबसे स्वच्छ हवा वाला शहर है, जिसका एक्यूआई केवल 6 दर्ज किया गया।
नेपाल के विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और श्वास-प्रश्वास रोगियों को विशेष सतर्क रहने और घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनने की सलाह दी है।



