काठमांडू, 12 मार्च 2026।
खाड़ी देशों में फंसे नेपाली नागरिकों की सुरक्षित वापसी को लेकर नेपाल सरकार लगातार विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है। नेपाल का विदेश मंत्रालय कूटनीतिक पहल सहित सभी संभावित विकल्पों का अध्ययन कर रहा है।
नेपाल के विदेश सचिव अमृत राई ने बताया कि उनके समन्वय में गठित आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम की बैठक आज भी जारी है। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में फंसे करीब पचास हजार नेपाली नागरिकों की सुरक्षित वतन वापसी के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि खाड़ी देशों के विमानस्थलों पर ट्रांजिट में फंसे नेपाली नागरिकों को प्राथमिकता दी जाएगी और उनके सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया निरंतर जारी रखी जाएगी। बुधवार रात नेपाल एयरलाइंस का विशेष विमान दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट भेजा गया, जिससे पहला जत्था आज सुबह काठमांडू पहुंचा।
विदेश सचिव राई ने बताया कि अब नियमित रूप से विशेष विमानों के माध्यम से नेपाली नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए नेपाल एयरलाइंस के अलावा फ्लाई दुबई और एमिरेट्स एयर के विमानों को भी किराए पर लेने का निर्णय लिया गया है।
नेपाल सरकार की जानकारी के अनुसार, खाड़ी देशों में लगभग 50 हजार नेपाली नागरिकों ने नेपाल वापसी के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया है। सरकार उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी वापसी की सभी संभावनाओं पर कार्य कर रही है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आपातकालीन नियंत्रण कक्ष के माध्यम से नेपाल के कूटनीतिक मिशनों से संपर्क करने वाले नागरिकों को आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, आवश्यक समन्वय और पहल जारी रखकर उड़ान संचालन की संभावनाओं का अध्ययन भी किया जाएगा।



