काठमांडू, 05 मार्च 2026
नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनाव के बीच एक नाटकीय घटनाक्रम सामने आया है। नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी (नेकपा) के उम्मीदवार किरण साह ने पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। उन्होंने कई मतदान बूथों पर कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए यह निर्णय लिया है।
किरण साह रौतहट निर्वाचन क्षेत्र–2 से नेकपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे थे। उन्होंने गुरुवार को सोशल मीडिया पर लाइव वक्तव्य में पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा की। साह ने आरोप लगाया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में विपक्षी नेपाली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर 'बूथ कब्जा' कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सूचित किया, लेकिन उन्हें कोई सुरक्षा या समर्थन नहीं मिला, जिसके चलते उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया।
साह ने दावा किया कि बौदामाई नगरपालिका और राजपुर नगरपालिका के कुछ वार्डों में बूथ कब्जा हुआ है। उन्होंने अपने पार्टी प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे इन मतदान केन्द्रों से बूथ छोड़कर वापस लौट आएं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिन मतदान केन्द्रों पर बूथ कब्जा होने का आरोप है, वहां मतदान स्थगित करके पुनः मतदान की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे मतगणना प्रक्रिया में भी भाग नहीं लेंगे।



