काठमांडू, 10 मार्च।
नेपाल में ५ मार्च को हुए चुनाव की मतगणना में समानुपातिक (पीआर) निर्वाचन प्रणाली के तहत अब तक 1,04,24,527 मतों की गिनती पूरी हो चुकी है। अब तक 164 निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जबकि धनुषा-1 निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम विवाद के कारण अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने 50,03,168 वोट प्राप्त कर सबसे अधिक मत हासिल किए हैं। नेपाली कांग्रेस को 16,93,091 वोट मिले हैं, जबकि सीपीएन-यूएमएल को 14,11,863 वोट प्राप्त हुए हैं। नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी को 7,67,621 वोट मिले हैं।
अन्य दलों में श्रम संस्कृति पार्टी को 3,58,317 वोट मिले, राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) को 3,24,909 वोट प्राप्त हुए। जनता समाजवादी पार्टी नेपाल को 1,71,697 वोट, राष्ट्रीय परिवर्तन पार्टी को 1,66,447 वोट और जनमत पार्टी को 76,542 वोट मिले हैं।
समानुपातिक प्रणाली के तहत मतगणना अभी भी जारी है। संवैधानिक प्रावधान के अनुसार समानुपातिक में कम से कम तीन प्रतिशत मत पाने वाले और प्रत्यक्ष में कम से कम एक सीट जीतने वाले दल को ही समानुपातिक सीट में हिस्सेदारी मिलती है।
प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली में आरएसपी 125 सीट जीत चुकी है। नेपाली कांग्रेस ने 18 सीट, सीपीएन-यूएमएल ने 9 सीट और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी ने 7 सीट हासिल की हैं। श्रम संस्कृति पार्टी ने 3 सीटें जीती हैं, जबकि राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी और एक स्वतंत्र उम्मीदवार को एक-एक सीट मिली है।



