काठमांडू, 16 फरवरी।
नेपाल में पांच मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा के चुनाव में आज से प्रचार की रफ्तार बढ़ जाएगी। सभी उम्मीदवार औपचारिक रूप से चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। नेपाल की चुनाव नियमावली के मुताबिक, मतदान तिथि से पहले केवल 15 दिन के भीतर ही उम्मीदवार और राजनीतिक दल प्रचार कर सकते हैं।
इस दौरान वे जुलूस निकाल सकते हैं, आम सभाएं और रोड शो आयोजित कर सकते हैं और विभिन्न मीडिया माध्यमों के जरिए चुनावी सामग्री प्रकाशित या प्रसारित कर सकते हैं। नियमावली के अनुसार, आज से दो मार्च की रात 12 बजे तक प्रचार की अनुमति है। कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने कहा कि आयोग ने आचार संहिता उल्लंघन पर ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति अपनाई है, इसलिए कोई भी प्रचार के दौरान नियमों का उल्लंघन न करे।
आयोग ने सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर झूठी जानकारी, भ्रामक सूचनाओं और दुर्भावनापूर्ण सामग्री फैलाने को लेकर भी चिंता व्यक्त की है।



