सिलचर, 14 मार्च।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने असम दौरे के दूसरे दिन शनिवार को बराक घाटी का दौरा करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री लगभग 23,550 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन और आधारशिला रखेंगे। साथ ही वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को अपने दो दिवसीय असम दौरे की शुरुआत गुवाहाटी से की थी। बरसात के चलते उनका कोकराझार का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने गुवाहाटी से वर्चुअल माध्यम के जरिए कोकराझार के कार्यक्रम को संबोधित किया और विभिन्न कार्यक्रमों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
शुक्रवार शाम को प्रधानमंत्री ने चाय जनजाति समुदाय को भूमि का पट्टा भी प्रदान किया। इस कार्यक्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं और सामाजिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जनता में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा।
प्रधानमंत्री के असम दौरे का उद्देश्य क्षेत्र के विकास को गति देना और नई परियोजनाओं के माध्यम से जनता के जीवन स्तर में सुधार लाना बताया गया है। विभिन्न कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री का सीधा संवाद और जनता के साथ बैठकें उनकी योजनाओं को सफल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।



