सिलचर (कछार), 14 मार्च 2026।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कछार जिला मुख्यालय सिलचर में लगभग 23,550 करोड़ की तीन विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। यह असम में उनकी दो-दिवसीय यात्रा का अंतिम चरण था और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र के विकास को गति देने का संकेत माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सिलचर में ₹22,864 करोड़ के शिलांग-सिलचर कॉरिडोर प्रोजेक्ट का भूमि पूजन किया। यह 166 किलोमीटर लंबा चार-लेन वाला कॉरिडोर पूर्वोत्तर का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफ़ील्ड हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे है। परियोजना का उद्देश्य शिलांग और सिलचर के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना और यात्रा समय को 8.5 घंटे से घटाकर लगभग पांच घंटे करना है, जिससे आर्थिक गतिविधियों और सीमा-पार व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

सिलचर में प्रधानमंत्री ने एनएच-306 पर एक एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमि पूजन भी किया। यह कैपिटल पॉइंट से रंगिरखारी पॉइंट (चरण I) तक 3.5 किमी लंबा फ्लाई ओवर ब्रिज और 6.9 किमी लंबी सर्विस रोड का निर्माण शामिल है। इस परियोजना का उद्देश्य शहर की व्यस्त सड़कों पर ट्रैफिक जाम को कम करना और मिजोरम, त्रिपुरा व मणिपुर जैसे पड़ोसी राज्यों के साथ कनेक्टिविटी बेहतर करना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने करीमगंज जिले के पाथरकांदी में 122 करोड़ की लागत से एक कृषि महाविद्यालय की आधारशिला भी रखी। 88 हेक्टेयर भूमि पर पहले चरण का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री 13 मार्च को गुवाहाटी पहुंचे थे और पहले दिन उन्होंने लगभग ₹24,250 करोड़ की परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाई थी। सिलचर के अंबिकापुर में आयोजित विशाल जनसभा स्थल से उन्होंने आभासी माध्यम से परियोजनाओं का शिलान्यास किया।



