बलौदाबाजार, 14 मार्च।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने आज बलौदाबाजार नगर में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
29 क्वाटर्स के पास निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण करते समय धीमी प्रगति और कम लेबर संख्या पर उन्होंने नाराजगी जताई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ठेकेदार को नोटिस जारी किया जाए और समय पर काम नहीं होने पर पेनाल्टी लगाई जाए।
उन्होंने कहा कि यह राज्य शासन की महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नालंदा परिसर लगभग 250 विद्यार्थियों की क्षमता वाला होगा। भवन में भू-तल और प्रथम तल का निर्माण होगा। इसके साथ ही पार्किंग, गार्ड रूम और तीन कैफेटेरिया भी बनाए जाएंगे। परिसर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए सभी सुविधाओं वाली लाइब्रेरी होगी। इस परियोजना का अनुमानित खर्च 4 करोड़ रुपये से अधिक है। जून माह तक निर्माण की पूर्णता की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
इसके बाद निर्माणाधीन 85 लाख लीटर क्षमता वाली वृहद पानी टंकी का निरीक्षण किया गया और जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए। नवीन सब्जी मण्डी और रामसागर तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भी जायजा लिया गया।
फायर स्टेशन निर्माण के लिए पनगांव में गोठान के पास जमीन चिन्हांकित करने और आबंटन हेतु नस्ती तैयार करने के निर्देश दिए गए। नवनिर्मित चौपाटी में विभिन्न दुकानों का अवलोकन कर दुकान संचालकों से पूछताछ की गई। इसके साथ ही मुरुम तालाब के सौंदर्यीकरण के संबंध में चर्चा भी की गई।
इस दौरान अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, एसडीएम प्रकाश कोरी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



