वाशिंगटन, 06 मार्च।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच खुफिया सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि रूस ने ईरान को अमेरिकी सैन्य ठिकानों और सैन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां प्रदान की हैं। यह कदम क्षेत्र में चल रहे टकराव को और जटिल बना सकता है।
खुफिया विभाग के तीन अधिकारियों ने बताया कि यह जानकारी ईरान को अमेरिकी लक्ष्यों की पहचान करने में मदद करने के उद्देश्य से साझा की गई थी। अधिकारियों ने संवेदनशीलता के कारण अपनी पहचान सार्वजनिक न करने की शर्त पर यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, संघर्ष शुरू होने के बाद से रूस लगातार ईरान को पश्चिम एशिया में तैनात अमेरिकी सैन्य गतिविधियों, जंगी जहाजों और सैन्य विमानों की स्थिति से संबंधित जानकारी भेज रहा है। इसमें उन अमेरिकी ठिकानों का विवरण भी शामिल है, जहां से क्षेत्र में सैन्य ऑपरेशन संचालित किए जा रहे हैं।
अमेरिकी अधिकारियों ने फिलहाल इन दावों पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है। इस बीच, यह स्थिति अमेरिका-ईरान और इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष को और अधिक जटिल और संवेदनशील बना सकती है।


