शिमला, 13 फरवरी।
शिमला जिला के देहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को भारी मात्रा में चरस सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर अमल में लाई गई। पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात विशेष सेल के एएसआई सुशील कुमार अपनी टीम के साथ बलग बाजार में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली कि नीली पैंट और चेकदार ऊपरी वस्त्र पहने एक व्यक्ति नैना कैंची सड़क पर किसी का इंतजार कर रहा है और उसके बैग में भारी मात्रा में चरस मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिये के आधार पर एक व्यक्ति को सड़क किनारे बैग सहित खड़ा पाया।
संदेह के आधार पर पुलिस ने बैग की तलाशी ली, जिसमें से एक किलो 115 ग्राम चरस बरामद की गई। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिरमौर जिला के राजगढ़ निवासी राजेश कुमार (35) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना देहा में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे किसे आपूर्ति किया जाना था।



