नई दिल्ली, 20 फरवरी।
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान भारत और ब्राजील के कृषि मंत्रियों ने कृषि व्यापार और तकनीकी सहयोग पर विस्तृत चर्चा की और प्राकृतिक तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए सहयोग पर सहमति बनाई।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को बताया कि बैठक में ब्राजील के कृषि मंत्री और उनकी टीम के साथ कृषि उत्पादों की बाजार तक पहुंच आसान बनाने, प्राकृतिक और जैविक खेती से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई। भारत विशेष रूप से अनार, लहसुन, अंगूर और किशमिश को ब्राजील में निर्यात करने की दिशा में काम कर रहा है।
बैठक में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और ब्राजील की कृषि अनुसंधान निगम (एम्ब्रापा) के बीच सहयोग पर सहमति बनी है। दोनों संस्थाएं मिलकर प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देंगी और इसके लिए जल्द ही समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जा सकते हैं। साथ ही भारत में चल रहे दलहन और तिलहन मिशन को मजबूत करने के लिए 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' स्थापित करने पर विचार हुआ। ब्राजील ने एकीकृत कृषि प्रणालियों पर सहयोग की इच्छा जताई है। मंत्री ने कहा कि ब्राजील के राष्ट्रपति के नेतृत्व में वरिष्ठ मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा भारत-ब्राजील संबंधों को और मजबूत करेगा और सहयोग सुनिश्चित करेगा।



