छिंदवाड़ा, 13 मार्च।
छिंदवाड़ा जिले के तामिया विकासखंड के ग्राम जैतपुर में स्थित पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आदिवासी अंचल के छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से उन्नत खेती सिखाने का प्रयास जारी है। स्कूल में गृह वाटिका का निर्माण कर छात्रों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं और उन्हें किताबी ज्ञान के साथ व्यावसायिक व रोजगारोन्मुखी शिक्षा भी दी जा रही है।

विद्यालय के प्राचार्य अनूप कैचे ने बताया कि ट्रेड कृषि में पढ़ाई कर रहे छात्रों द्वारा टमाटर, मिर्च, बैंगन, लहसुन, मूली, गाजर, मैथी और मटर जैसी सब्जियों की जैविक खेती की जा रही है। इसके अलावा नर्सरी में आम, अमरूद, जामुन, सीताफल और नीम के 450 पौधे तैयार किए गए हैं। छात्रों द्वारा तैयार इस उत्पादन को साप्ताहिक स्टॉल के माध्यम से विद्यालय के अन्य शिक्षकों और छात्रों को बेचा जा रहा है। इस आय का उपयोग आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की मदद के लिए किया जाएगा।
प्राचार्य ने बताया कि कृषि शिक्षक मोहित आम्रवशी के मार्गदर्शन में छात्रों द्वारा पूरी खेती में जैविक खाद और जीवामृत का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे जैविक सब्जियों का उत्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस प्रयास से छात्रों को व्यावसायिक कौशल विकसित करने के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी अनुभव भी मिल रहा है।



