जांजगीर-चांपा, 11 मार्च।
जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और नगदी समेत लगभग 3.70 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, हरदी महामाया क्षेत्र में तीन अलग-अलग घरों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना में दाऊ राम साहू के घर से चांदी के करधन, पायल, अंगूठी, सोने के फुली और 20 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। दूसरी घटना में आनंद मोहन पाण्डेय के घर से सोने-चांदी के जेवर और लगभग 5 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। तीसरी घटना में हरिओम साहू के घर से पीतल और कांसा के बर्तन चोरी हो गए।
इन मामलों में थाना बलौदा में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की।
पुलिस ने गणेश केवट उर्फ बुट्टी (24), रोशन बरेठ (18) और दिनेश बरेठ (20) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तीनों आरोपितों ने अलग-अलग जगहों पर चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और नगदी समेत कुल 3.70 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा और बलौदा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


.jpg)
